पंजाब में आज सुबह 6 बजे नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने रेड की। अमृतसर में खालिस्तान समर्थक और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के रिश्तेदरों के घरों में टीम ने दबिश दी।
रईया में फेरोमन रोड पर अमृतपाल सिंह के चाचा प्रगट सिंह के घर पहुंची। टीम ने प्रगट सिंह की पत्नी को हिरासत में लिया है। अधिकारी उन्हें अपने साथ ब्यास थाना लेकर पहुंचे हैं। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रगट सिंह के चाचा फर्नीचर का काम करते हैं।
दूसरी रेड अमृतसर में सठियाला के पास बुताला में अमृतपाल के जीजा के घर हुई। इसके साथ टीम ने अमृतपाल के जीजा के जीजा के घर भी छापेमारी की। तीनों ही रेड अमृतपाल से जुड़ी हुई हैं।
NIA ने ये रेड कनाडा में खालिस्तान समर्थकों के भारतीय उच्चायोग पर 23 मार्च 2023 को किए गए हमले को लेकर की। दरअसल, अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद कनाडा, अमेरिका और UK में भारतीय उच्चायोगों के बाहर खालिस्तानियों ने प्रदर्शन किया था।
कनाडा में भारतीय दूतावास के बाहर प्रदर्शन के दौरान तिरंगे का अपमान और तोड़फोड़ की गई थी। जिसके बाद जून महीने में NIA ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी।
