झंडेवाला देवी मंदिर में महागौरी की पूजा के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, कन्या पूजन के साथ गूंजे माता के जयकारे – Saahas Samachar

4

अष्टमी पर दिनभर रही भक्तों की भारी भीड़, रातभर खुले रहे मंदिर के कपाट; भव्य जागरण में भरत कुमार और मनी लाडला करेंगे मां का गुणगान

साहस समाचार |

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर 2026 । राजधानी के प्राचीन एवं ऐतिहासिक झंडेवाला देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और दिनभर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।

मंदिर में मां महागौरी का भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां महागौरी का स्वरूप अत्यंत शांत, सौम्य और कल्याणकारी माना जाता है। उनका वर्ण शंख, चंद्रमा और कुंद के पुष्प के समान उज्ज्वल बताया गया है। श्वेत वस्त्रों और आभूषणों से सुशोभित मां महागौरी की चार भुजाएं हैं तथा उनका वाहन वृषभ है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां महागौरी की सच्चे मन से आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

अष्टमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विधिवत कन्या पूजन भी किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कन्याओं का पूजन कर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। बड़ी संख्या में भक्त अपने घरों में अष्टमी पूजन के बाद बोई गई खेत्री भी मंदिर लेकर पहुंचे। मंदिर प्रशासन की ओर से खेत्री के विधिवत विसर्जन की व्यवस्था की गई।

रात्रि नौ बजे प्रचंड होगी जागरण ज्योति, रातभर होंगे मां के दर्शन

मंदिर प्रबंधन के अनुसार अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के कपाट पूरी रात खुले रखने की व्यवस्था की गई है। रात्रि नौ बजे जागरण ज्योति प्रचंड की जाएगी, जिसके साथ भव्य माता के जागरण का शुभारंभ होगा।

जागरण में सुप्रसिद्ध भजन गायक भरत कुमार और मनी लाडला अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से मां भगवती का गुणगान करेंगे। इस धार्मिक आयोजन का सीधा प्रसारण झंडेवाला देवी मंदिर के आधिकारिक यूट्यूब चैनल सहित अन्य माध्यमों पर किया जाएगा, ताकि मंदिर नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालु भी घर बैठे जागरण का आनंद ले सकें।

मंदिर के न्यासी एवं अतिरिक्त प्रबंधक रवींद्र गोयल के अनुसार जागरण के समापन के बाद अगले दिन प्रातः आरती और कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को जागरण प्रसाद वितरित किया जाएगा।

अष्टमी के अवसर पर मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां झंडेवाली के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। भक्तों की आस्था है कि मां के दरबार में सच्चे हृदय से की गई प्रार्थना अवश्य फलदायी होती है।

Comments are closed.